Wed. Oct 7th, 2026

15 दिवसीय “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का भव्य समापन, हजारों लोगों तक पहुँचा नशामुक्ति का संदेश

हरदा। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में चलाए गए “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान का जिला हरदा में भव्य समापन स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय में आयोजित किया गया। 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक चले इस विशेष जनजागरूकता अभियान के दौरान हरदा जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्रामीण क्षेत्रों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों सहित विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित कर हजारों नागरिकों तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया गया।
समापन समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक शशांक ने माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। समारोह में अभियान के दौरान आयोजित रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, शपथ ग्रहण कार्यक्रमों, जनसंवाद और जनजागरूकता गतिविधियों की आकर्षक प्रस्तुति दी गई।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शशांक ने कहा कि अधिकांश युवा जिज्ञासा, शौक या गलत संगति के कारण नशे की शुरुआत करते हैं, जो धीरे-धीरे गंभीर लत का रूप ले लेती है। इससे व्यक्ति आर्थिक, सामाजिक और मानसिक रूप से कमजोर होने के साथ अपराध की ओर भी बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि पुलिस विभाग ने सामाजिक न्याय विभाग, विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं समाजसेवी संगठनों के सहयोग से समाज के प्रत्येक वर्ग तक नशामुक्ति का संदेश पहुँचाया। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक बुराई है, जिसके उन्मूलन के लिए पूरे समाज को मिलकर कार्य करना होगा।
कार्यक्रम के दौरान अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सामाजिक न्याय विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्थान, हार्टफुलनेस संस्थान सहित अभियान में सहयोग देने वाले सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा अभियान को सफल बनाने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा श्रीमती शालिनी परस्ते, एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलैया, डीएसपी महिला सेल सुश्री अरूणा सिंह, रक्षित निरीक्षक श्रीमती रजनी गुर्जर, कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती, सिविल लाइन थाना प्रभारी रामसुमेर तिवारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एलबीएस महाविद्यालय के वाइस प्रिंसिपल संजय भार्गव, महाविद्यालय का स्टाफ, ब्रह्माकुमारी संस्थान की दीदी किरण, हार्टफुलनेस संस्थान के डॉ. राजेश पटले तथा सामाजिक न्याय विभाग की श्रीमती सुरेन्द्र कौर सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में भाग लेकर इसे सफल बनाया।
15 दिनों तक चले इस अभियान ने जिलेभर में नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में जनभागीदारी को नई ऊर्जा प्रदान की और युवाओं में सकारात्मक संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Post