Wed. Oct 7th, 2026

अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अपराध नियंत्रण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश

आईजी चंद्रशेखर सोलंकी ने हरदा में ली वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक, कानून-व्यवस्था से लेकर साइबर अपराध और नशे के खिलाफ कार्रवाई की समीक्षा

हरदा। नर्मदापुरम जोन के पुलिस महानिरीक्षक चंद्रशेखर सोलंकी ने शुक्रवार को जिला हरदा में पुलिस अधिकारियों की वार्षिक अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में जिले में अपराधों की स्थिति, कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों, महिला एवं बाल अपराध, साइबर अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी तथा यातायात व्यवस्था सहित पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा सहित जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सभी थानों के थाना प्रभारी उपस्थित रहे। आईजी ने थाना-वार अपराधों की स्थिति की जानकारी लेते हुए गंभीर एवं चिन्हित अपराधों में की गई कार्रवाई, लंबित अपराध एवं चालान, मर्ग प्रकरण, महिला एवं बाल अपराध, अनुसूचित जाति-जनजाति संबंधी अपराध तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की समीक्षा की।

गंभीर अपराधों की विवेचना समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश

आईजी चंद्रशेखर सोलंकी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर एवं जघन्य अपराधों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अपराधों की विवेचना उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरी हो। फरार एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी वारंटियों की धरपकड़ तथा आदतन अपराधियों के खिलाफ प्रभावी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।

महिला एवं बाल अपराधों में संवेदनशीलता जरूरी

बैठक में महिला एवं बाल अपराधों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। आईजी ने ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की शिकायतों के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

साइबर ठगी में राशि होल्ड और रिकवरी पर जोर

साइबर अपराधों की बढ़ती चुनौतियों को देखते हुए आईजी ने अधिकारियों को साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पीड़ितों की सहायता के साथ ठगी गई राशि को समय रहते होल्ड कराने और रिकवर कराने के लिए प्रभावी प्रयास करने पर जोर दिया गया।

नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई के निर्देश

जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। आईजी ने कहा कि केवल छोटे स्तर पर कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए अवैध मादक पदार्थों के स्रोत, सप्लायर और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान लगातार संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।

यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा की समीक्षा

बैठक में यातायात व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा पर भी चर्चा हुई। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में आवश्यक प्रिवेंटिव मेजर्स अपनाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई और त्वरित रिस्पॉन्स को प्राथमिकता

आईजी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुलिसिंग में जनसुनवाई, त्वरित रिस्पॉन्स और संवेदनशील पुलिसिंग को प्राथमिकता दी जाए। आमजन की शिकायतों का समय पर निराकरण कर पुलिस के प्रति विश्वास और सकारात्मक वातावरण को मजबूत किया जाए।

आगामी त्योहारों एवं महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रभावी पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बीट पुलिसिंग मजबूत करने पर जोर

आईजी चंद्रशेखर सोलंकी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ बीट पुलिसिंग को और मजबूत किया जाए। क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए तथा पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

बैठक के अंत में आईजी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कर्तव्यनिष्ठा, संवेदनशीलता और पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर एवं प्रभावी पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने की अपेक्षा व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Related Post