जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में हरदा जिले से भागीरथ गौर मनोनीत
हरदा खिरकिया। सांदीपनी, पीएम श्री, उत्कृष्ट एवं मॉडल स्कूलों की मॉनिटरिंग तथा इनके सुचारु संचालन के लिए गठित जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में हरदा जिले से अशासकीय सदस्य के रूप में खिरकिया निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक श्री भागीरथ गौर को मनोनीत किया गया है। उनके मनोनयन से शिक्षा जगत से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।
लोक शिक्षण संचालनालय मध्यप्रदेश, भोपाल के पत्र क्रमांक सां.वि./मॉनिटरिंग समिति/2026-27/437, दिनांक 10 अगस्त 2026 के अनुसार सांदीपनी विद्यालयों की मॉनिटरिंग एवं कार्ययोजना निर्धारण के लिए जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति गठित की गई है। यह समिति जिले के पीएम श्री विद्यालय, उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों की मॉनिटरिंग और कार्ययोजना निर्धारण का कार्य भी करेगी। समिति में शिक्षा के क्षेत्र में अनुभव एवं रुचि रखने वाले व्यक्तियों को अशासकीय सदस्य के रूप में नामांकित किए जाने का प्रावधान है।
इसी क्रम में स्कूल शिक्षा विभाग के माननीय मंत्री द्वारा हरदा जिले से श्री भागीरथ गौर, खिरकिया को अशासकीय सदस्य के रूप में नामांकित किया गया है। साथ ही जिला स्तर पर आयोजित समिति की बैठकों में अशासकीय सदस्यों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा के क्षेत्र में रहा उल्लेखनीय योगदान
श्री भागीरथ गौर सेवानिवृत्त शासकीय शिक्षक हैं। उन्होंने शासकीय हाई स्कूल कुड़ावा में शिक्षक के रूप में सेवाएं दीं। सेवाकाल के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों की शिक्षा एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार के लिए कई नवाचार किए। उनके मार्गदर्शन में कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा में विद्यालय का शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा।
इसके अलावा वर्ष 2011 की जनगणना में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए श्री गौर को राष्ट्रपति पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। शिक्षा के प्रति उनकी रुचि और लंबे अनुभव को देखते हुए उन्हें जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना क्षेत्र के लिए गौरव की बात मानी जा रही है।
वर्तमान में श्री गौर गायत्री परिवार के वरिष्ठ सक्रिय सदस्य हैं तथा भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के तहसील संयोजक के रूप में भी अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शुभचिंतकों ने दी बधाई
श्री भागीरथ गौर के जिला स्तरीय मॉनिटरिंग समिति में मनोनयन पर संजय बोरसे, प्रदीप रीछारिया, महेश तिवारी, अशोक देवराले, राजदीप शर्मा, किरीट नागड़ा, पंकज दुबे, चंदन गौर, अतुल गौर, ओम देवराले, राजेश गौर, गणेश श्रीवास, गुलाबसिंह राजपूत, शरीफ खान, केदार परसाई, रामजीवन बांके एवं गोकुल नीलकंठ सहित अनेक लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दी हैं।
