खिरकिया। अपनी धारदार लेखनी, कुशल पत्रकारिता और सांगठनिक निष्ठा के लिए पहचाने जाने वाले खिरकिया के प्रतिष्ठित वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष पाराशर को भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी और महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की अनुसंशा पर उन्हें हरदा विधानसभा क्षेत्र में सोशल मीडिया विभाग का सह संयोजक नियुक्त किया गया है।
अपनी प्रखर विचारशैली और निष्पक्ष कार्यशैली से क्षेत्र में एक विशिष्ट पहचान बना चुके श्री पाराशर पूर्व में भी खिरकिया मंडल में भाजपा के मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी सांगठनिक दक्षता का लोहा मनवा चुके हैं। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कमल पटेल के अति विश्वसनीय एवं निकट सहयोगियों में शुमार आशुतोष पाराशर को मिली इस नई जिम्मेदारी से पार्टी के सोशल मीडिया प्रबंधन को एक नई दिशा और अभूतपूर्व मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
भाजपा के प्रदेश नेतृत्व प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संभाग प्रभारी कांतदेव सिंह, सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक सुयश त्यागी, जिला प्रभारी डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा एवं संभाग प्रभारी सुजीत कुमार की सहमति से सोशल मीडिया जिला संयोजक आशुतोष गोस्वामी द्वारा जारी कार्यकारिणी पत्र में इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की घोषणा की गई है।
पत्रकारिता और संगठन का एक अनूठा संगम
आशुतोष पाराशर न केवल एक सजग और निर्भीक पत्रकार हैं, बल्कि जनमुद्दों को प्रखरता से उठाने की अपनी काबलियत के लिए भी पूरे जिले में जाने जाते हैं। उनकी भाषा शैली, संवाद कौशल और जनमानस पर पकड़ को देखते हुए पार्टी ने आगामी सांगठनिक चुनौतियों और डिजिटल संवाद को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से उन पर यह विश्वास जताया है।उनकी इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र के पत्रकार जगत एवं भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है। नियुक्ति की सूचना मिलते ही स्थानीय पत्रकारों, वरिष्ठ समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा के प्रमुख नेताओं ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।
