Wed. Oct 7th, 2026

आदिवासी अंचल के किसानों के लिए वरदान बनेगी मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना:-कमल पटेल, 

*आदिवासी अंचल के किसानों के लिए वरदान बनेगी मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना:-कमल पटेल,
*:-पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने मोरगढ़ी में किया मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, आदिवासी किसानों एवं ग्रामीणों ने सिंचाई परियोजना की सौगात देने के लिए पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल का किया तुलादान एवं नागरिक अभिनंदन*
*हरदा खिरकिया।* गुरुवार की देर शाम को ग्राम छुरीखाल के समीप से होकर गुजरने वाली मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना की नहर का शुभारंभ कार्यक्रम ग्राम मोरगढ़ी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना की सौगात देने के लिए क्षेत्र के आदिवासी किसानों एवं ग्रामीणों ने पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल का लड्डू, फल एवं अनाज से तुलादान कर भव्य नागरिक अभिनंदन किया। भाजपा सोशल मीडिया हरदा विधानसभा सह संयोजक आशुतोष पाराशर ने बताया कि क्षेत्र के किसानों को एक बड़ी सौगात देते हुए प्रदेश के पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना का शुभारंभ किया है। उन्होंने कार्यक्रम में विधिवत रूप से पोकलेन मशीनों का पूजन कर एवं नारियल फोडक़र कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा मोरंड-गंजाल उद्वहन सिंचाई परियोजना आदिवासी अंचल के किसानों के लिए वरदान बनेगी। इस परियोजना के माध्यम से आदिवासी अंचल की हजारों एकड़ प्यासी भूमि को नहरों के जरिए पानी मिलेगा। जिससे किसानों के चेहरे खिलेंगे, उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, कृषि व्यवस्था सुदृढ़ होगी और उनकी जमीनों का मूल्य भी बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना हरदा, खंडवा और नर्मदापुरम जिले में लागू है। इस परियोजना से इन तीनों जिले की 7 तहसीलों के 201 गांवों के 61 हजार 111 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जिसमें अकेले खिरकिया तहसील के 40 गांवों के लगभग 14 हजार 373 हेक्टेयर कृषि क्षेत्र के किसानों को सिंचाई करने भरपूर पानी मिलेगा। कार्यक्रम में भाजपा के चारूवा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत ने कहा कि परियोजना के लिए दिल्ली से पर्यावरण विभाग की आवश्यक एनओसी पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल के सतत प्रयासों से प्राप्त हुई है। असंभव कार्य को भी पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल ने संभव किया है। इस परियोजना के तहत अब बांध एवं अन्य कार्य भी शीघ्र गति से पूर्ण होंगे। कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल का मंडल उपाध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा, दिनेश जगताप सहित कार्यकर्ताओं, किसानों एवं ग्रामीणों ने साफा, शॉल, श्रीफल से अभिनंदन किया। साथ ही भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा एवं मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत का भी स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा के जिला महामंत्री बसंत राजपूत एवं राजेश गोदारा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र पाल, ललित पालीवाल, खिरकिया मंडल अध्यक्ष संजय यादव, भाजपा के मोहम्मद हुसैन खत्री, बृजेश राजवैद्य, श्रवण गौर, पंकज साकल्ले, परसराम धुर्वे, रामविलास गौर सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के कार्यकर्ता, किसान एवं ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Post