मां की 29वीं पुण्यतिथि पर बेटे ने पेश की अनूठी मिसाल, 33वीं बार किया रक्तदान
हरदा। स्वर्गीय शिक्षिका रेखा विश्नोई की 29वीं पुण्यतिथि पर उनके पुत्र ऋषि विश्नोई ने रक्तदान कर अपनी मां को श्रद्धांजलि अर्पित की। ऋषि विश्नोई पिछले 9 वर्षों से लगातार अपनी मां की पुण्यतिथि पर रक्तदान करते आ रहे हैं। जरूरतमंदों की मदद के लिए वे अन्य अवसरों पर भी रक्तदान करते हैं। अब तक वे कुल 33 बार रक्तदान कर चुके हैं।
ऋषि विश्नोई वर्तमान में ग्राम पंचायत सारंगपुर के उपसरपंच हैं। इसके साथ ही वे जन अभियान परिषद से जुड़कर समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे स्वयं रक्तदान करने के साथ ही लोगों को भी रक्तदान के लिए प्रेरित करते हैं।
दिखावे से बेहतर किसी की जिंदगी बचाना
ऋषि विश्नोई ने कहा कि जन्मदिन और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों पर दिखावे के कार्यक्रम करने के बजाय रक्तदान करना अधिक सार्थक है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वस्थ व्यक्ति नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आएं, ताकि जरूरत के समय मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।उन्होंने बताया कि समाजसेवा और रक्तदान के लिए उन्हें अपनी नानी स्वर्गीय कृष्णा बाई एवं मामा मुकुट बिश्नोई से प्रेरणा मिली है।ऋषि विश्नोई ने कहा, “मेरा हमेशा यह प्रयास रहेगा कि किसी भी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके।”मां की पुण्यतिथि को रक्तदान के माध्यम से याद करने की उनकी यह पहल समाज में सेवा और मानवता का संदेश दे रही है।
