हरदा खिरकिया । शिव भक्त सेवा समिति के तत्वावधान में आज बाबा भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यह शोभायात्रा राधा कृष्ण मंदिर मंडी प्रांगण से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए स्थानीय बस स्टैंड तक पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। भजन-कीर्तन और आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहेंगी। स्थानीय बस स्टैंड पर बागेश्वर म्यूजिकल ग्रुप खिड़कियां के सहयोग से बाबा महाकाल की महाआरती की जाएगी, जिसके साथ ही शोभायात्रा का विधिवत समापन होगा। समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से शोभायात्रा में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। प्रशासन द्वारा सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक इंतजाम किए गए हैं, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
भव्य शोभायात्रा आज: बागेश्वर म्यूजिकल ग्रुप खिरकिया द्वारा की जाएगी बाबा महाकाल की भव्य महाआरती, शिव भक्त सेवा समिति का आयोजन, बस स्टैंड पर महाआरती के साथ होगा समापन
