खिरकिया। क्षेत्र के हरदा खंडवा मार्ग छीपाबड़ मे सोमवार दोपहर 12 बजे गेहूं की ख़डी फसल मे अचानक आग लगने से लगभग 50 से 60 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने तत्काल मौके पर पहुंचे और किसानों के साथ मिलकर फसल नुकसानी का जायजा लिया। विधायक डॉ. आर के दोगने ने मौके से ही जिला प्रशासन को घटना की जानकारी देते हुए हरदा कलेक्टर, सिद्धार्थ जैन आर.आई. तथा पटवारी को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर फसल नुकसानी का सर्वे करने के सख्त निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने कहा कि आगजनी की इस घटना से किसानों को भारी नुकसान हुआ है और प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित किसानों की मदद सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस दौरान विधायक डॉ. दोगने ने जिला प्रशासन से यह भी निवेदन किया कि फायर ब्रिगेड तथा ग्राम पंचायतों को विधायक निधि से उपलब्ध कराए गए फायर फाइटर टैंकरों को पूरी तरह सक्रिय और तैयार स्थिति में रखा जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके और बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सके। विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि किसानों की फसल उनकी सालभर की मेहनत का परिणाम होती है, इसलिए प्रशासन को ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराना सुनिश्चित करना चाहिए। किसानों को आश्वास्त करते हुए कहा आपकी फसल नुकसानी के भुगतान के लिए मै मुख्यमंत्री जी से बात क़र रहा हुँ। इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहन साईं ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर सोलंकी लालू राजपूत देवेंद्र राजपूत गोल्डी कुशवाह शेख इमरान उपस्थित थे।
