Fri. May 15th, 2026

हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा की गई खिरकिया में रजिस्ट्री कार्यालय शुरू करने की मांग

हरदा। हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा म.प्र. के मुख्यमंत्री, राजस्व मंत्री एवं प्रमुख सचिव राजस्व विभाग भोपाल को पत्र प्रेषित कर खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय नियमित अथवा सप्ताह में दो दिवस अनिवार्य रूप से संचालित किए जाने की मांग की गई।
हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित किये गए पत्र में लेख किया है कि हरदा जिले के खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय के नियमित संचालन की व्यवस्था नहीं होने के कारण क्षेत्र के नागरिकों को संपत्ति क्रय-विक्रय एवं अन्य पंजीयन कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। खिरकिया नगर हरदा जिले का एक प्रमुख एवं बड़ी आबादी वाला क्षेत्र है। यहाँ व्यवहार न्यायालय (कोर्ट) सहित अन्य शासकीय कार्यालय संचालित है तथा आसपास के अनेक ग्रामीण क्षेत्रों के लोग भी विभिन्न प्रशासनिक एवं न्यायिक कार्यों के लिए खिरकिया आते हैं। इसके बावजूद रजिस्ट्री कार्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं होने से नागरिकों को अपने पंजीयन संबंधी कार्यों के लिए हरदा अथवा अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें समय और आर्थिक दोनों प्रकार की परेशानियाँ उठानी पड़ती हैं। क्षेत्रवासियों की लंबे समय से यह मांग रही है कि खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय नागरिकों को उनके आवश्यक कार्यों के लिए अनावश्यक रूप से दूर न जाना पड़े। इस हेतु मैं आपसे मांग करता हँू कि खिरकिया नगर में रजिस्ट्री कार्यालय को नियमित रूप से अथवा कम से कम सप्ताह में दो दिवस अनिवार्य रूप से संचालित करने हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान करने का कष्ट करें, जिससे क्षेत्र के नागरिकों को सुविधा मिल सके।

Related Post