हरदा खिरकिया। नगर में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा, जब शिवभक्त सेवा समिति द्वारा भगवान भोलेनाथ की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। समिति के इस आयोजन का यह लगातार 21वां वर्ष रहा, जिसने श्रद्धा और उत्साह की नई मिसाल कायम की।
शोभायात्रा का शुभारंभ कृषि उपज मंडी स्थित राधा कृष्ण मंदिर से हुआ। वहां से यात्रा प्रमुख मार्गों से होती हुई स्थानीय बस स्टैंड पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया। हर ओर “हर-हर महादेव” के जयघोष से माहौल गूंजता रहा। यात्रा में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। हनुमान व्यायाम शाला टिमरनी द्वारा मलखंब की प्रभावशाली प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं श्री जागृति व्यायाम शाला लेक्षिम मंडल बुरहानपुर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। डमरू वादन की गूंज के साथ महाकाल हिंदू संगठन खिरकिया ने वातावरण को शिवमय बना दिया। बाबा महाकाल की भव्य पालकी महाकाल सेवा समिति खिरकिया द्वारा निकाली गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। इसके साथ ही श्याम ढोल पार्टी की मनमोहक प्रस्तुति ने शोभायात्रा में चार चांद लगा दिए। श्रद्धालुओं के लिए काबरा परिवार द्वारा खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया, जिसे सभी ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया। स्थानीय बस स्टैंड पर सेवाभावी करणी सेना के जिला अध्यक्ष सुनील सिंह राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष रानू दशरथ पटेल, चारुवा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह राजपूत, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह कलम, पार्षद किरण आठनेरे, दुर्गादास पाटिल एवं संजय सिंह चौहान का सम्मान किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर बागेश्वर म्यूजिकल ग्रुप खिरकिया द्वारा सुंदर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति दी गई तथा संगीतमय भगवान भोलेनाथ की महाआरती की गई। समिति द्वारा बागेश्वर म्यूजिकल ग्रुप एवं सभी वादकों का सम्मान भी किया गया। पूरे आयोजन का सफल संचालन दीपक माहेश्वरी द्वारा किया गया। भक्ति अनुशासन और सामाजिक समरसता का संदेश देती यह शोभायात्रा नगरवासियों के लिए अविस्मरणीय बन गई।
