खिरकिया। कृषि उपज मंडी खिरकिया में गुरुवार को एक निजी फर्म पर लगे सीसीटीवी कैमरों के डीवीआर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह घटना व्यापारी विजय सोमानी के फर्म पर हुई, जहां कैमरों के संचालन हेतु लगाए गए डीवीआर में शॉर्ट सर्किट के चलते आग भड़क उठी। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद नीलामी प्रभारी प्रेमनारायण उज्जैनिया एवं व्यापारियों और मंडी कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सभी के संयुक्त प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान होने से बच गया।प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग सीमित दायरे में ही रही और समय रहते नियंत्रण में आने के कारण मंडी परिसर में किसी प्रकार की बड़ी घटना नहीं हुई। हालांकि डीवीआर उपकरण को नुकसान पहुंचा है। मंडी प्रशासन ने राहत की सांस ली है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की बात कही।
