हरदा। शहर की जनसेवा का एक प्रेरणादायक अध्याय आज भी निरंतर जारी है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष साधना सुरेंद्र जैन के कार्यकाल में शुरू हुई दीनदयाल रसोई योजना ने आज अपने सफलतम 9 वर्ष पूरे कर लिए हैं। यह योजना न केवल जरूरतमंदों के लिए सहारा बनी, बल्कि सामाजिक सहयोग और सेवा भाव का जीवंत उदाहरण भी साबित हुई है। पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि मध्यप्रदेश शासन की यह महत्वाकांक्षी योजना वर्ष 2017 से नगर पालिका हरदा और शहर के दानदाताओं के सहयोग से निरंतर संचालित की जा रही है। मात्र 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली यह रसोई बिना किसी लाभ के जनसेवा के उद्देश्य से चल रही है। उन्होंने बताया कि इस सेवा यात्रा के दौरान कई चुनौतीपूर्ण समय भी आए, लेकिन रसोई ने हर परिस्थिति में अपनी जिम्मेदारी निभाई
कोरोना काल में लगभग 70,000 भोजन पैकेट वितरित किए गए
2800 मोदी राशन किट जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाई गई हरदा फटाखा त्रासदी के दौरान लगातार दो महीने तक सुबह-शाम प्रभावितों और राहत टीम को 500 निःशुल्क भोजन थालियां प्रदान की गईं यह कार्य न केवल प्रशासनिक सहयोग बल्कि समाज के दानदाताओं और स्वयंसेवकों के समर्पण का परिणाम है।
7 अप्रैल (मंगलवार) को विशेष कार्यक्रम
दीनदयाल रसोई के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 7 अप्रैल मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन मिडिल स्कूल परिवार, हरदा स्थित दीनदयाल रसोई केंद्र में किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सुरेंद्र जैन अपनी टीम के साथ योजना की सफलता, अनुभव और क्रियान्वयन की पूरी यात्रा साझा करेंगे।
यह कार्यक्रम न केवल बीते वर्षों की उपलब्धियों का उत्सव होगा, बल्कि भविष्य में भी इस सेवा को और सशक्त बनाने की दिशा में प्रेरणा देगा। दीनदयाल रसोई हरदा में केवल एक योजना नहीं, बल्कि मानवता, सहयोग और सेवा की ऐसी परंपरा बन चुकी है, जो वर्षों से हजारों जरूरतमंदों के चेहरे पर संतोष और मुस्कान ला रही है।
