Fri. May 15th, 2026

भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम: पालकी में विराजे गुप्तेश्वर भोलेनाथ, निकले नगर भ्रमण पर, हज़ारों की संख्या मे भक्त हुए शामिल

हरदा खिरकिया । क्षेत्र के प्राचीन गुप्तेश्वर धाम में आयोजित वार्षिक मेले में उस समय अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब भगवान गुप्तेश्वर भोलेनाथ भव्य रूप से सुसज्जित पालकी में विराजमान होकर नगर भ्रमण पर निकले। ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयघोष के बीच निकली पालकी यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया। हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बने। जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान का स्वागत किया गया। महिलाएं मंगल गीत गाती नजर आईं तो युवा और बच्चे भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मेले में रंग-बिरंगी आतिशबाज़ी ने आकर्षण का केंद्र बना दिया। जैसे ही आकाश में रोशनी बिखरी, पूरा वातावरण उल्लास और भक्ति से सराबोर हो उठा। मेले में लगे झूले, खिलौनों की दुकानें, श्रृंगार सामग्री और खान-पान के स्टॉल पर देर रात तक भीड़ उमड़ती रही। हजारों लोग मेले का आनंद उठाते दिखाई दिए।
गुप्तेश्वर धाम की विशेष आस्था यह है कि प्रातःकाल सूर्य भगवान की पहली किरण सीधे महादेव के शिवलिंग पर पड़ती है। इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए सुबह से ही श्रद्धालु मंदिर परिसर में एकत्रित हो जाते हैं जैसे ही सूर्य की किरण शिवलिंग पर पड़ी, श्रद्धालुओं ने इसे दिव्य आशीर्वाद मानकर जयघोष किया जाता है ।
मेले की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। SDOP रोबोट गिरवाल एवं थाना प्रभारी संतोष चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। आयोजन समिति ने बताया कि यह मेला क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का प्रतीक है, जिसमें दूर-दराज से श्रद्धालु शामिल होते हैं। भक्ति, उल्लास और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ यह आयोजन एक बार फिर गुप्तेश्वर धाम की महिमा को दर्शाता नजर आया।

Related Post