Wed. Jul 15th, 2026

साइकिल से चार धाम और 12 ज्योतिर्लिंग की ऐतिहासिक यात्रा पूर्ण कर लौटे धीरज कहार, आशुतोष कोठारी की टीम ने किया भव्य स्वागत

22 सितंबर को हंडिया से शुरू हुई थी धार्मिक एवं साहसिक यात्रा, खिरकिया में हुआ भव्य स्वागत
खिरकिया। दृढ़ संकल्प, आस्था और साहस का अद्भुत परिचय देते हुए धीरज कहार ने साइकिल से देश के चारों धाम एवं 12 ज्योतिर्लिंगों की लंबी और कठिन यात्रा पूर्ण कर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। 22 सितंबर 2025 को हंडिया से प्रारंभ हुई यह धार्मिक यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर धीरज कहार शनिवार 17 मई 2026 को खिरकिया पहुंचे, जहां नागरिकों एवं युवाओं ने उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके बाद वे हरदा के लिए रवाना हुए। धीरज कहार की यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं रही, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा का संदेश भी बनी। हजारों किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर उन्होंने कठिन परिस्थितियों, मौसम की चुनौतियों और शारीरिक संघर्षों का सामना करते हुए अपने लक्ष्य को पूरा किया। यात्रा के दौरान उन्होंने देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों, चार धाम एवं 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
खिरकिया स्थित राघव फ्यूल्स पर उनके स्वागत के लिए बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यहां धीरज कहार का फूलमालाओं से स्वागत कर उनके साहस और धार्मिक भावना की सराहना की गई। स्वागत करने वालों में आशुतोष कोठारी, गोल्डी कुशवाह, लोकेश जायसवाल, सुनील राजपूत, बंटी वर्मा, प्रवीन पाटील, सुनीत ओनकर, हार्दिक जायसवाल, भरत सेन, वीरेंद्र सिसोदिया, पूनम सेजकर सहित अनेक नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने कहा कि धीरज कहार की यह यात्रा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ इतनी लंबी यात्रा पूरी की, वह सराहनीय है। धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण एवं फिटनेस का संदेश देने वाली यह यात्रा लंबे समय तक याद रखी जाएगी।
यात्रा पूर्ण होने पर धीरज कहार ने सभी सहयोगियों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोगों के प्रेम, आशीर्वाद और समर्थन से ही वे अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर सके। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान उन्हें देश की संस्कृति, परंपराओं और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से जुड़ने का अवसर मिला, जो जीवनभर अविस्मरणीय रहेगा।

Related Post