हरदा खिरकिया। शिक्षा विभाग में उस समय हड़कंप मच गया जब शासकीय हाईस्कूल चारुवा में पदस्थ एक वरिष्ठ महिला शिक्षिका ने प्रभारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) प्रदीप रिछारिया पर व्हाट्सएप के माध्यम से कथित तौर पर अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजने और मानसिक प्रताड़ना देने के गंभीर आरोप लगाए। मामले की शिकायत छीपाबड़ थाने में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार महिला शिक्षिका ने अपनी शिकायत के साथ व्हाट्सएप चैट के स्क्रीनशॉट भी पुलिस को उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें उन्होंने आपत्तिजनक बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में शिक्षिका ने कहा है कि शुरुआत में उन्होंने सामाजिक कारणों और अपनी गरिमा को देखते हुए इस विषय पर चुप्पी साधी, लेकिन बाद में कथित तौर पर मानसिक दबाव और प्रताड़ना की स्थिति लगातार बढ़ती गई।
शिक्षिका का आरोप है कि उनकी चुप्पी को कमजोरी समझा गया और इसके बाद उन्हें विभागीय दबाव और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा। उनका कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम का असर उनके स्वास्थ्य और कार्यक्षमता पर भी पड़ा है। इस संबंध में प्रदीप रिछारिया से उनका पक्ष जानने के लिए कॉल किया गया लेकिन इनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।
पुलिस जुटी जांच में
छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष सिंह चौहान ने बताया कि महिला शिक्षिका का आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए जाएंगे तथा उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।