हरदा छीपाबड़। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में सायबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के अंतर्गत छीपाबड़ थाना प्रभारी संतोष चौहान ने नागरिकों से सायबर अपराधों के प्रति सजग और सतर्क रहने की अपील की।
थाना प्रभारी संतोष चौहान ने कहा कि वर्तमान समय में सायबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से ठगी का शिकार बना रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, ओटीपी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया, फर्जी कॉल, ऑनलाइन लोन, नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी, केवाईसी अपडेट, फर्जी लिंक एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे मामलों में लोग आसानी से ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें तथा सायबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
उन्होंने कहा कि जागरूकता ही सायबर अपराधों से बचने का सबसे बड़ा माध्यम है। पुलिस का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे नागरिक सायबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
सायबर अपराधों से बचाव के लिए पुलिस का जागरूकता अभियान जारी थाना प्रभारी संतोष चौहान ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की
