रक्षाबंधन पर जिला जेल हरदा में भावुक हुआ माहौल, 145 बंदियों को 350 महिला परिजनों ने बांधी राखी
कड़ी सुरक्षा के बीच हुई विशेष मुलाकात, बहनों ने भाइयों की कलाई पर बांधा रक्षासूत्र
हरदा। रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर शुक्रवार, को जिला जेल हरदा में निरुद्ध बंदियों और उनके महिला परिजनों के बीच विशेष मुलाकात की व्यवस्था की गई। इस दौरान जिला जेल में परिरुद्ध 145 बंदियों से करीब 350 महिला परिजनों ने मुलाकात कर भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधा।विशेष मुलाकात की पूरी व्यवस्था उप जेल अधीक्षक दिलीप सिंह की देखरेख में की गई। रक्षाबंधन को लेकर जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे। जेल परिसर के मुख्य द्वार पर पुलिस एवं जेल सुरक्षागार्ड तैनात किए गए। साथ ही परिसर में बैरियर लगाकर महिला परिजनों को निर्धारित स्थान तक ही प्रवेश दिया गया।जेल गेट पर महिला प्रहरी की विशेष ड्यूटी लगाई गई थी। यहां आने वाली बहनों एवं महिला परिजनों को बैठाकर बंदियों से प्रत्यक्ष विशेष मुलाकात करवाई गई। लंबे समय बाद रक्षाबंधन के अवसर पर अपने भाइयों से मुलाकात कर बहनों ने भावुक होकर उनकी कलाई पर राखी बांधी और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को निभाया। इस दौरान कई भावुक दृश्य भी देखने को मिले।रक्षासूत्र बांधने के बाद जेल में वापस जाने वाले बंदियों की नियमानुसार विशेष तलाशी ली गई, ताकि जेल परिसर के अंदर किसी भी प्रकार की निषिद्ध सामग्री प्रवेश न कर सके। पूरे आयोजन के दौरान जेल प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं अनुशासन का विशेष ध्यान रखा गया। जिला जेल हरदा में रक्षाबंधन पर्व पर आयोजित इस विशेष मुलाकात के दौरान जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
