Wed. Oct 7th, 2026

सात दिन में खुला महिला के अंधे कत्ल और लूट का राज

सात दिन में खुला महिला के अंधे कत्ल और लूट का राज

पुराने प्रेम प्रसंग और शादी के बाद टिमरनी छोड़कर जाने की बात को लेकर हत्या का आरोप, आरोपी गिरफ्तार

50 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज और करीब 100 घंटे की रिकॉर्डिंग खंगालने के बाद पुलिस को मिली सफलता — मृतिका के लूटे गए सोने के मोती और टॉप्स बरामद

हरदा टिमरनी। नगर में एक सप्ताह पूर्व हुई महिला की हत्या और लूट की सनसनीखेज वारदात का टिमरनी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 57 वर्षीय पुष्पा बाई की हत्या के मामले में पुलिस ने वार्ड क्रमांक 7 निवासी मधुसुदन गौर पिता बाबूलाल गौर, उम्र 60 वर्ष को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपी का मृतिका से पुराना प्रेम प्रसंग था और मृतिका द्वारा कहीं और शादी कर टिमरनी छोड़कर चले जाने की बात को लेकर आरोपी ने उसकी हत्या की। वारदात के बाद महिला के गले में पहनी सोने की मोतियों की माला और कान के टॉप्स लेकर आरोपी फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतिका से लूटे गए सोने के मोती एवं टॉप्स बरामद किए हैं। घटना के महज सात दिन के भीतर पुलिस द्वारा अंधे कत्ल का खुलासा किए जाने से पुलिस की कार्यप्रणाली की चर्चा हो रही है।

घर में अकेली रहती थी पुष्पा बाई

पुलिस के अनुसार, दिनांक 24 अगस्त 2026 को फरियादी अनुराग गौर निवासी वार्ड क्रमांक 13 टिमरनी ने थाना टिमरनी में सूचना दी थी कि उसकी बड़ी बहन पुष्पा बाई, उम्र 57 वर्ष, वार्ड क्रमांक 7 में ठाकुर बाबा के पास स्थित अपने पुराने मकान में अकेली रहती थीं। उनके पति और बेटे का देहांत काफी समय पूर्व हो चुका था।

24 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे परिजनों को सूचना मिली कि पुष्पा बाई की तबीयत कुछ खराब लग रही है और वह कोई हलचल नहीं कर रही हैं। सूचना मिलने पर अनुराग गौर उनके घर पहुंचा। घर का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर कमरे में पुष्पा बाई पलंग पर चित अवस्था में मृत पड़ी थीं।

गले में कसा था बिजली का तार, जेवर गायब

घटनास्थल पर पुलिस को मृतिका के गले में हरे रंग का बिजली का तार कसा हुआ मिला। वहीं मृतिका के गले में पहनी सोने की मोतियों की माला और कानों के कुंडल गायब थे। जांच के दौरान सोने का एक मोती पलंग के नीचे भी मिला। मृतिका के दोनों मोबाइल फोन भी कमरे में ही पड़े मिले।

फरियादी की रिपोर्ट पर थाना टिमरनी में अपराध क्रमांक 491/26 के तहत संबंधित धाराओं में अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

50 से अधिक CCTV कैमरे, 100 घंटे की फुटेज खंगाली

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपते हुए प्रतिदिन विवेचना की प्रगति की समीक्षा की गई।

पुलिस टीमों ने घटनास्थल और उसके आसपास के क्षेत्र में लगे 50 से अधिक CCTV कैमरों की बारीकी से जांच की। करीब 100 घंटे की CCTV फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही तकनीकी सहायता, साइबर टीम और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।संदिग्ध व्यक्तियों से सघन पूछताछ और तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस की जांच धीरे-धीरे आरोपी तक पहुंची।

पुराने प्रेम प्रसंग की बात आई सामने

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मधुसुदन गौर संदिग्ध के रूप में सामने आया। पुलिस द्वारा तकनीकी एवं सघन पूछताछ किए जाने पर आरोपी द्वारा मृतिका के साथ पुराने प्रेम प्रसंग की बात बताई गई।पुलिस के अनुसार, मृतिका द्वारा कहीं और शादी कर टिमरनी छोड़कर चले जाने की बात को लेकर आरोपी नाराज था। इसी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हत्या की वारदात को अंजाम देने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है तथा उसके कब्जे/निशानदेही से मृतिका के लूटे गए सोने के मोती और टॉप्स बरामद किए हैं। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विवेचना जारी है।

हत्याकांड से क्षेत्र में फैल गई थी सनसनी

महिला के घर में घुसकर गला घोंटकर हत्या करने और उसके सोने के जेवर लूट ले जाने की घटना सामने आने के बाद टिमरनी क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। महिला के घर में अकेले रहने के कारण वारदात ने लोगों की चिंता बढ़ा दी थी। घटना के बाद पुलिस के सामने आरोपी तक पहुंचने और हत्या की गुत्थी सुलझाने की बड़ी चुनौती थी।पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ाई और सात दिन के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में मिली सफलता

पुलिस अधीक्षक हरदा शशांक के कुशल मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित मिश्रा एवं एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया के निर्देशन में थाना टिमरनी पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, मामले में आरोपी की गिरफ्तारी और लूटे गए जेवरों की बरामदगी महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस का कहना है कि गंभीर अपराधों के मामलों में तकनीकी साक्ष्यों, CCTV फुटेज और जमीनी स्तर पर पुलिस टीमों के समन्वित प्रयास से अपराधियों तक पहुंचने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

सफल कार्रवाई में एसडीओपी टिमरनी श्रीमती आकांक्षा तलया, विवेचक निरीक्षक मुकेश गौड़, उपनिरीक्षक मनोज दुबे, उपनिरीक्षक संतोष श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक प्रियंका पाठक, सहायक उपनिरीक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक तुषार धनगर, अनुप, विजय, राहुल, बुदेश, आरक्षक सजन ठाकुर, शैलेन्द्र परमार, अभिलेश, पिन्टू, सुनील, प्रतीक, शैलेन्द्र राजपूत, अर्जुन, महेन्द्र रघुवंशी, बाबूराव, सूरज तथा साइबर टीम से मनोज की सक्रिय भूमिका रही।

सात दिन में खुलासा, पुलिस की जांच पर टिकी थीं निगाहें

टिमरनी में महिला की हत्या और लूट की इस वारदात ने पुलिस के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी थी। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, CCTV फुटेज और तकनीकी जांच को जोड़ते हुए पुलिस आरोपी तक पहुंची। सात दिन में हत्या और लूट की गुत्थी सुलझाकर आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

Related Post