Wed. Oct 7th, 2026

विधायक आर के दोगने, अपने कार्यकर्ताओं के साथ उतरे सड़क पर, छिपाबड़ से हरदा कलेक्टर ऑफिस तक के लिए पैदल यात्रा शुरू

हरदा। खंडवा-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे के पोखरनी से हरदा तक बदहाल सड़क को लेकर हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा आम जनता की समस्या को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने एवं सड़क के शीघ्र सुधार की मांग को लेकर विधायक डॉक्टर आर के दोगने अपने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रविवार को महाराणा प्रताप चौक छिपाबड से हरदा कलेक्टर ऑफिस के लिए पदयात्रा लेकर रवाना हुए। विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि लगभग 12 करोड़ की लागत से करीब 71 किलोमीटर सड़क के मरम्मत कार्य को मार्च-अप्रैल में स्वीकृत किया गया है। सड़क के आशापुर से पोखरनी तक के हिस्से में कार्य किया जा चुका है, लेकिन पोखरनी से हरदा तक का महत्वपूर्ण हिस्सा अभी भी बदहाल स्थिति में है। इस कारण प्रतिदिन आम नागरिकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में मेरे द्वारा पत्र एवं आंदोलन के माध्यम से संबंधित विभाग एवं हरदा कलेक्टर को अवगत कराया गया परन्तु खेद का विषय है कि जिला प्रशासन द्वारा समस्या को हल करने के लिए कोई ठोस कार्यवाही नही की गई है। इस कारण सोए हुए जिला प्रशासन को जगाने के लिए मुझे बदहाल सड़क मार्ग पर पद यात्रा करनी पड़ रही है। जब सड़क का मरम्मत कार्य पूर्व में ही स्वीकृत हो चुका है और आशापुर से पोखरनी तक का कार्य भी किया जा चुका है तो पोखरनी से हरदा के बीच का कार्य अब तक क्यों नहीं हो पाया शासन-प्रशासन को इसका स्पष्ट जवाब जनता के सामने देना चाहिए।

Related Post