किल्लौद। लहाडपूर माल ग्राम पंचायत में प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली जनसुनवाई के दिन पंचायत भवन पर ताला लटका मिला। जनसुनवाई में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में नियमित रूप से जनसुनवाई आयोजित नहीं की जा रही है। मंगलवार को सुबह से ही कई लोग राशन, पेंशन, आवास योजना, सड़क और पेयजल जैसी समस्याओं को लेकर पंचायत कार्यालय पहुंचे थे, लेकिन वहां कोई जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौजूद नहीं मिला। पंचायत भवन पर ताला लटका होने से लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने बताया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण करना है, लेकिन जब अधिकारी ही नदारद रहें तो शिकायतें सुनी कैसी जाएं। दूर-दराज से आए बुजुर्ग और महिलाएं घंटों इंतजार करने के बाद मायूस होकर घर लौट गईं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जनसुनवाई के दिन संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान समय पर हो सके। इस संबंध में भागवत सचिव को फोन लगाया गया लेकिन उनके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया।
इनका कहना
आपके द्वारा जानकारी प्राप्त हुई है मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्देशित करता हूं।
आर सी खतेडिया, एसडीएम हरसूद
