Fri. May 15th, 2026

हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने ग्राम जिजगांव में सामुदायिक भवन एवं ग्राम नकवाड़ा में नाली निर्माण कार्य का किया भूमि पूजन

हरदा। क्षेत्र के विकास कार्यों को गति प्रदान करते हुए हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा ग्राम पंचायत जिजगांव के ग्राम जिजगांव में पंचायत निधि की 15 लाख रुपए की राशि से निर्मित होने वाले नवीन सामुदायिक भवन का विधिवत भूमि पूजन किया गया। उल्लेखनीय है कि जनहित को दृष्टिगत रखते हुए ग्राम के समाजसेवी श्री मुरलीधर पाटिल एवं श्री गणेश पाटिल द्वारा 25 डेसिमल भूमि भवन निर्माण हेतु दान स्वरूप उपलब्ध कराई गई, जिसकी विधायक डॉ. दोगने ने सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने ने कहा कि सामुदायिक भवन के निर्माण से ग्रामवासियों को सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए एक सुसज्जित स्थान उपलब्ध होगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत नकवाड़ा, ग्राम नकवाड़ा में जनपद निधि की 15वे वित्त मद से स्वीकृत 1.31 लाख रुपए की लागत से 88 मीटर नाली निर्माण कार्य का भी भूमि पूजन किया गया। नाली निर्माण से ग्राम में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान होगा तथा स्वच्छता एवं स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार आएगा। ग्रामीणजनों ने विकास कार्यों के लिए हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने का आभार व्यक्त किया।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल, अनिल सूरमा, महेश राठौर, अजय पाटिल, मुरलीधर पाटिल, गणेश पाटिल, सुमित पाटील, लालू रायखेरे, ग्राम सरपंच रामनिवास मालवीय, उप सरपंच, सचिव सहित समस्त ग्रामीणजन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Post