Wed. Jul 15th, 2026

जमीनी विवाद में महिला की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार हंडिया पुलिस की त्वरित कार्रवाई, फरार आरोपी की तलाश जारी

हरदा। जिले के थाना हंडिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डुमलाय में जमीनी विवाद और पुरानी रंजिश के चलते हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी हरदा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को ग्राम डुमलाय निवासी आरोपी कपिल गुर्जर एवं उसके पिता सुंदरलाल गुर्जर ने फरियादिया रानी गुर्जर और उसकी मां निशा गुर्जर के साथ पुरानी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर विवाद किया। आरोप है कि दोनों ने ईंट और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें रानी गुर्जर गंभीर रूप से घायल हो गईं।
बताया गया कि इसके बाद आरोपियों ने निशा गुर्जर पर जानलेवा हमला कर दिया। बर्बरतापूर्वक किए गए हमले में निशा गुर्जर को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
मामले में थाना हंडिया पुलिस ने अपराध क्रमांक 220/2026 दर्ज करते हुए धारा 103(1), 109, 296ए, 351(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सुंदरलाल गुर्जर पिता रेवाराम गुर्जर, उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम डुमलाय को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
वहीं, मामले का सह-आरोपी कपिल गुर्जर अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post