Wed. Jul 15th, 2026

भीषण गर्मी में राहत: 24 ग्रामों को मिले फायर फाइटर पानी टैंकर विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने की पहल, पेयजल संकट और आगजनी से निपटने में मिलेगी मदद

हरदा। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते पेयजल संकट को देखते हुए हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा विधायक निधि वर्ष 2026-27 से हरदा विधानसभा क्षेत्र के 24 ग्रामों को फायर फाइटर पानी टैंकर वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध कराना तथा आगजनी जैसी आकस्मिक घटनाओं में तत्काल राहत पहुंचाना है।
विधायक डॉ. दोगने ने कडोला उबारी, रान्याखेड़ी, खारपा, डगावानीमा, झुण्डगांव, पचौला, चौकी, जामली दमामी, हंडिया, अबगांवखुर्द, हनीफाबाद, बिछौला रैयत, बालागांव, कालीसराय, जोगा, कांकड़दा, खरदना, सोनखेड़ी, जिजगांव, सुरजना, बैड़ी, झालवां और नांदरा ग्राम पंचायतों को टैंकर उपलब्ध कराए।
इस अवसर पर विधायक डॉ. दोगने ने कहा कि गर्मी के मौसम में कई गांवों में पेयजल संकट गहराने लगता है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इन फायर फाइटर पानी टैंकरों के माध्यम से जरूरतमंद क्षेत्रों तक पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ये टैंकर केवल पेयजल आपूर्ति तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि गांवों में आगजनी की घटनाओं के दौरान भी तत्काल उपयोग में लाए जा सकेंगे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों की आपदा प्रबंधन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी तथा आग पर शीघ्र नियंत्रण पाने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्राम पंचायतों के सरपंचों, सचिवों एवं ग्रामीणजनों ने विधायक डॉ. दोगने का पुष्पमाला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि यह पहल गर्मी के मौसम में पेयजल संकट से राहत देने के साथ-साथ गांवों की सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत करेगी।
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रतिनिधि राहुल पटेल, जनपद उपाध्यक्ष गौरीशंकर शर्मा, श्यामलाल बाबल, रमेश विश्नोई, अनिल सूरमा, भूपेश बाबल, नारायण गुर्जर, हर्ष पटेल, हुकुम धनगर, दुर्गेश गुर्जर, अनोखीलाल गौर, मदन गौर, बालकृष्ण यादव, नितिन जोशी, हरिप्रसाद काजवे सहित संबंधित ग्रामों के सरपंच, सचिव एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Related Post