Wed. Oct 7th, 2026

पत्रकार भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन की मांग पत्रकार संघ खिरकिया ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

पत्रकार भवन निर्माण हेतु भूमि आवंटन की मांग

पत्रकार संघ खिरकिया ने मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

​हरदा खिरकिया।लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में निष्पक्ष एवं सजग पत्रकारिता के माध्यम से जनसेवा कर रहे स्थानीय पत्रकारों के लिए खिरकिया नगर में एक सुविधायुक्त पत्रकार भवन के निर्माण की मांग जोर पकड़ने लगी है। बुधवार को पत्रकार संघ खिरकिया के तत्वावधान में तहसील एवं ग्रामीण अंचल के पत्रकारों ने एकत्रित होकर प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम सुश्री रजनी वर्मा को सौंपा।ज्ञापन सौंपने के दौरान वरिष्ठ पत्रकार भरत हेड़ा, सुनील जैन, संदीप भदौरिया, आशुतोष पाराशर, राकेश खरका, हर्ष मंत्री, गिरिराज माहेश्वरी, ललित बथोले, संजय छीपा, अंकुश विश्वकर्मा, राजकुमार बघेल, साजिद खान सहित पत्रकार संघ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

​प्रेस वार्ता व सांगठनिक गतिविधियों हेतु भवन की आवश्यकता

ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया कि खिरकिया नगर तेजी से विकसित हो रहा है, किंतु आज तक यहाँ पत्रकारों के पास अपनी संगोष्ठियों, बैठकों, प्रेस वार्ताओं तथा सामाजिक-सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए कोई सर्वसुविधायुक्त व स्थायी परिसर उपलब्ध नहीं है। आपात स्थिति, आपदा प्रबंधन एवं प्रशासनिक संवाद के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने के लिए एक सुव्यवस्थित स्थान की नितांत आवश्यकता महसूस की जा रही है।​ज्ञापन में यह भी रेखांकित किया गया कि युवा पत्रकारों के कौशल विकास, उत्कृष्ट एवं मूल्य आधारित पत्रकारिता पर विचार-विमर्श तथा दूर-दराज के ग्रामीण अंचलों से आने वाले आम नागरिकों को अपनी समस्याओं से पत्रकारों को अवगत कराने हेतु एक सर्वसुलभ संपर्क केंद्र का होना आवश्यक है। इसके अलावा, संघ द्वारा समय-समय पर आयोजित किए जाने वाले रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियानों के सुचारू संचालन में भी पत्रकार भवन अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।पत्रकार संघ ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि नगर सीमा के भीतर किसी उपयुक्त एवं सर्वसुलभ स्थान पर शासकीय भूमि का आवंटन शीघ्र किया जाए, ताकि जल्द से जल्द भवन निर्माण की दिशा में सकारात्मक कार्य शुरू हो सके। एसडीएम रजनी वर्मा ने ज्ञापन प्राप्त कर इसे उचित माध्यम से वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुँचाने का आश्वासन दिया।
​

Related Post