निर्वाचन आयोग के खिलाफ एनएसयूआई-कांग्रेस का प्रदर्शन
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग, कार्यकर्ताओं ने जमकर की नारेबाजी
हरदा वोट चोरी के आरोपों और निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर एनएसयूआई एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को निर्वाचन आयोग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए उनका पुतला दहन किया।
कार्यकर्ता मंडी गेट से एकत्रित होकर मेन रोड होते हुए मारवाड़ी चौराहा पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर जमकर नारेबाजी की। मारवाड़ी चौराहे पर पहुंचने के बाद कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और निर्वाचन व्यवस्था को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान “ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो”, “लोकतंत्र की हत्या बंद करो” सहित अन्य नारे लगाए गए। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं, इसलिए निर्वाचन आयोग को इन आरोपों का जवाब देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में मतदाता का वोट सबसे महत्वपूर्ण है और चुनावी प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की अनियमितता या संदेह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। इसी को लेकर कांग्रेस एवं एनएसयूआई द्वारा विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ बिश्नोई, मनोज बिश्नोई, नमन मालवीय, विष्णु विश्नोई, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आशुतोष कोठारी, राजा केसरवानी, प्रवीन पाटील, सुनील राजपूत, गोल्डी कुशवाह, सुमित ओनकर, महेश भैसारे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार एवं निर्वाचन आयोग के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की।
